
Karnataka कर्नाटक: विक्टोरिया हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत को लेकर गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। शाह नवाज़ (45) नाम के मरीज की मौत के बाद उनके परिवार ने अस्पताल और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि ब्रेन सर्जरी और हार्ट से जुड़ी प्रक्रिया के बाद डॉक्टरों ने जरूरी मेडिकल प्रोसीजर पूरा नहीं किया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद टांके (सिलाई) लगाना तक ठीक से नहीं किया गया और मरीज को जल्दबाजी में डिस्चार्ज कर दिया गया।
परिवार का दावा है कि मरीज को बिना उचित निगरानी के घर भेज दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। कुछ ही समय बाद मरीज को गंभीर दर्द और परेशानी हुई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शाह नवाज़ को करीब डेढ़ महीने पहले पेट और ग्रोइन क्षेत्र में ट्यूमर की समस्या के चलते विक्टोरिया हॉस्पिटल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था। वह एक प्राइवेट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने संक्रमण (इन्फेक्शन) की आशंका जताई थी, जिसके बाद उनका ऑपरेशन किया गया।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन और इलाज में गंभीर चूक हुई, जिससे मरीज की जान चली गई। परिवार ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।





