
बेंगलुरु: वक्फ एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री बी. जेड. ज़मीर अहमद खान ने बुधवार को कहा कि मदरसों में कार्यरत शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए एक कार्यक्रम शुरू किया गया है ताकि वे छात्रों को कन्नड़ पढ़ा सकें। उन्होंने राज्य में सभी के कन्नड़ जानने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया और कहा कि आने वाले दिनों में मस्जिदों में काम करने वाले मौलवियों को भी इस भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खान ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हमने एक कार्यक्रम शुरू किया है। हमारे राज्य में कन्नड़ का महत्व है, बच्चों को कन्नड़ आनी चाहिए। इसी उद्देश्य से अल्पसंख्यक मामलों के विभाग ने एक कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत मदरसों में कार्यरत 200 शिक्षकों का चयन किया गया है और उन्हें तीन महीने में कन्नड़ का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अगर वे (शिक्षक) कन्नड़ सीखते हैं, तो वे छात्रों को कन्नड़ सिखा सकते हैं।" उन्होंने कहा, "हमारा राज्य कन्नड़ है और सभी को कन्नड़ आनी चाहिए... आने वाले दिनों में, हम सभी मस्जिदों के गुरुओं (मौलवियों) को कन्नड़ सिखाने का एक कार्यक्रम शुरू करेंगे।"





