
Karnataka कर्नाटक : भ्रष्टाचार, समय पर काम पूरा न होने समेत विभिन्न आरोपों को लेकर स्वप्रेरणा से शिकायत दर्ज करने वाली लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को एक साथ जिले के सभी पांचों तालुकों के तालुक कार्यालयों (मिनी विधान सौधा) पर अप्रत्याशित छापेमारी कर निरीक्षण किया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक स्नेहा पी.वी. के मार्गदर्शन में अधिकारियों की टीमों ने सुबह पांच कार्यालयों पर छापेमारी कर तलाशी ली। दिनभर पुलिस टीम ने तहसीलदारों समेत अन्य अधिकारियों से विभिन्न फाइलों के सत्यापन, कार्यालयों में सुविधाओं और बुनियादी ढांचे समेत समय पर सेवाएं मिल रही हैं या नहीं, इस बारे में पूछताछ की। डीएसपी शिवप्रसाद के नेतृत्व में एक टीम ने कनकपुरा तालुक कार्यालय, राजेश के.आर. ने चन्नपटना कार्यालय, इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने हारोहल्ली, हनुमंत कुमार ने रामनगर और इंस्पेक्टर शशिकुमार ने चामराजनगर में मगदी तालुक कार्यालय में दस्तावेजों का निरीक्षण किया।





