
Karnataka कर्नाटक : दोनों सदनों में हंगामे के बीच सरकार ने दो विधेयकों को मंजूरी दे दी है, जिससे मंत्रियों और विधायकों के वेतन और भत्ते दोगुने हो जाएंगे।
विपक्षी दल विधानसभा में हनी ट्रैप मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्षी सदस्य यह आरोप लगाते हुए धरना दे रहे थे कि कांग्रेस सदस्यों ने कहा था कि 'सदन आपके बाप का नहीं है।' इस दौरान 'कर्नाटक मंत्रियों के वेतन और भत्ते (संशोधन) विधेयक' और 'कर्नाटक विधानसभा वेतन, पेंशन और भत्ते (संशोधन) विधेयक' बिना किसी चर्चा के पारित हो गए।
मुख्यमंत्री का वेतन ₹75,000 से बढ़कर ₹1.50 लाख प्रति माह, विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रियों का वेतन ₹60,000 से बढ़कर ₹1.25 लाख, विधान परिषद के सभापति का वेतन ₹75,000 से बढ़कर ₹1.25 लाख, राज्य मंत्री का वेतन ₹50,000 से बढ़कर ₹75,000 और विधायक का वेतन ₹40,000 से बढ़कर ₹80,000 हो जाएगा।





