
बेंगलुरु: कर्नाटक के मंत्री शिवराज तंगदागी ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि अगर अभिनेता कमल हासन कन्नड़ भाषा के बारे में अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगते हैं, तो कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) के निर्णय के अनुसार राज्य में उनकी फिल्मों पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
इस बीच, केएफसीसी के अध्यक्ष एम नरसिम्हालु ने कहा कि अगर वह माफी नहीं मांगते हैं, तो प्रदर्शकों और वितरकों ने स्वेच्छा से उनकी फिल्म नहीं दिखाने का फैसला किया है।
केएफसीसी ने गुरुवार को कहा कि वह कर्नाटक में हासन की फिल्म 'ठग लाइफ' को तब तक रिलीज नहीं होने देगी, जब तक कि वह कन्नड़ भाषा के बारे में अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए 30 मई तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते।
अभिनेता-राजनेता हासन ने अपनी आगामी फिल्म के प्रचार कार्यक्रम के दौरान हाल ही में यह दावा किया कि "कन्नड़ तमिल से पैदा हुआ है", जिससे कन्नड़ समर्थक समूहों और सांस्कृतिक संगठनों में व्यापक आक्रोश फैल गया है।





