कर्नाटक

बेंगलुरु में विपक्ष की महाबैठक में नेताओं ने भाजपा पर साधा निशाना

Sonam
18 July 2023 10:39 AM GMT
बेंगलुरु में विपक्ष की महाबैठक में नेताओं ने भाजपा पर साधा निशाना
x

दिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष लामबंद होने की कोशिश में जुटा है। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को रोकने के लिए 26 दलों के नेता मंगलवार को बेंगलुरु में बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजश्वी यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित अन्य दलों के नेता बेंगलुरु पहुंचे हैं।बैठक में शामिल होने से पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संयुक्त विपक्ष की बैठक बहुत जरूरी है। हमें देश को बचाना है, लोकतंत्र को बचाना है। किसान, मजदूर, नौजवान सभी की रक्षा करनी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश और जनता को बचाने के लिए ये बैठक जरूरी है। आज देश की दो-तिहाई जनता भाजपा के खिलाफ है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजश्वी यादव ने कहा कि देश के लोकतंत्र, संविधान और भाईचारे को बचाने के लिए हम एकजुट हुए हैं। देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है और देश की संपत्तियों को बेचा जा रहा है। किसान, युवा, महंगाई जैसे असल मुद्दों पर बात न कर, सिर्फ नफरत की बातें की जा रही हैं। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आज हमारे देश के संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। विविधता जो इस देश की ताकत है, उसे तबाह किया जा रहा है। इसलिए हम सब ‘आइडिया ऑफ इंडिया’ को बचाने के लिए एकजुट हुए हैं। जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह बैठक संविधान को बचाने की बैठक है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को दस साल तक देश पर शासन करने का मौका मिला। वह हर क्षेत्र में विफल रहे हैं। अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है, महंगाई चरम पर है, सभी क्षेत्रों में बेरोजगारी है। अब भारत के लोगों के लिए उनसे छुटकारा पाने का समय आ गया है। इसलिए समान विचारधारा वाली सभी पार्टियां एक साथ आ रही हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह मुलाकात अच्छी और सार्थक है। इसका परिणाम इस देश के लिए लाभकारी होगा। सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि यह बैठक महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम भारत को बचाना चाहते हैं। हम जानते हैं कि भारत क्या है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जो देश में हालात बनाए गए हैं, उसको लेकर आज की बैठक महत्वपूर्ण है।

Next Story