
Karnataka कर्नाटक : ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए बैंगलोर विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा हेब्बल फ्लाईओवर के पास एक नए लूप (पथ) का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने से वाहन चालकों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बैपटिस्ट अस्पताल के पास से शुरू होकर केआर पुरा लूप में मिलने वाला यह रैंप मेखरी सर्कल की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सुविधा प्रदान करेगा। इससे कुछ हद तक ट्रैफिक जाम कम होगा। यह लूप नागवारा से आने वाले वाहनों की आवाजाही को भी सुगम बनाएगा।
बीडीए अधिकारियों द्वारा तय की गई नई समय सीमा के अनुसार, अगस्त तक सभी काम पूरे हो जाएंगे और वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो जाएगा।
यह काम अक्टूबर 2022 में शुरू हुआ था। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लूप का निर्माण 2024 तक पूरा होना था। बीडीए ने कहा था कि लूप मई 2025 के दूसरे सप्ताह तक चालू हो जाएगा। बाद में समय सीमा बढ़ाकर जून कर दी गई। अब इसे फिर से अगस्त तक बढ़ा दिया गया है।





