
Karnataka कर्नाटक : पूर्व नगर परिषद सदस्य सतीश कोलंबकर (62) की रविवार सुबह यहां के सांथे मार्केट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने बताया, "सतीश जब टहलने के लिए निकला था, तभी दो लोगों ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने उसके सीने पर चाकू से वार किया और उसकी हत्या कर दी।" जिला पुलिस अधीक्षक एम. नारायण ने बताया, "संदेह है कि सतीश की हत्या कारोबारी विवाद के चलते की गई है। कारवार शहर थाने में उसके खिलाफ 8 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह बदमाशों की सूची में शामिल था। दस दिन पहले शहर के एक होटल में आर्थिक विवाद को लेकर सतीश पर हमला किया गया था।" उन्होंने बताया, "हत्या करने वाले आरोपियों के बारे में हमें सुराग मिल चुके हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है।" सतीश दो बार कारवार नगर परिषद का सदस्य रहा था और फिलहाल रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़ा हुआ था।





