
Karnataka कर्नाटक: बेंगलुरु पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग प्रतिबंधित ड्रग्स को कम कीमत पर खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक इनके ज्यादातर ग्राहक कॉलेज के छात्र थे, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसमें 8 किलो 58 ग्राम MDMA और 5 किलो 700 ग्राम हाइड्रो गांजा शामिल है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन और ड्रग्स की सप्लाई में इस्तेमाल की गई एक कार भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 10.05 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि इसकी बाजार कीमत करीब 20.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई बेंगलुरु के यशवंतपुर और नंदिनी लेआउट पुलिस स्टेशन की सीमा में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन इलाकों में MDMA और हाइड्रो गांजा जैसे बैन ड्रग्स की सप्लाई और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम बनाकर छापेमारी की गई और छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और अलग-अलग स्तर पर ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कॉलेज स्टूडेंट्स को टारगेट कर उन्हें नशीले पदार्थ बेच रहा था, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क का पूरा दायरा कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई को शहर में चल रहे ड्रग्स के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की जा सकती है।
इस भंडाफोड़ के बाद शहर में नशे के बढ़ते नेटवर्क को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत सूचना दें।





