
x
Davanagere दावणगेरे। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता सी.टी रवि ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। सी.टी रवि ने कहा कि सिद्धारमैया एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने दावा किया कि सिद्धारमैया को पहले से पता है कि वर्ष 2028 में कर्नाटक में कांग्रेस की हार तय है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को आगामी चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना भ्रष्टाचार के कोई काम नहीं हो रहा है। सीटी रवि ने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सिद्धारमैया ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। सीटी रवि ने कहा कि सिद्धारमैया का यह निर्णय उनकी राजनीतिक समझ के हिसाब से सही है, क्योंकि उन्हें राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति का अंदाजा है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस सरकार से नाराज है और आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
गौरतलब है कि सिद्धारमैया कर्नाटक के अनुभवी नेताओं में शामिल हैं और लंबे समय से राज्य की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में भी कार्य किया है। उनके 2028 विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं, कांग्रेस की ओर से लगातार भाजपा के आरोपों को खारिज किया जाता रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार जनता के हित में काम कर रही है और आगामी चुनाव में जनता के समर्थन से दोबारा सत्ता में वापसी करेगी। कर्नाटक की राजनीति में 2028 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से रणनीतियां बननी शुरू हो गई हैं। भाजपा जहां कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर हमला कर रही है, वहीं कांग्रेस अपनी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है।
Next Story





