कर्नाटक

मेडिकल कॉलेज की पार्टी में फूटा 'कोरोना बम', अबतक 182 लोग संक्रमित, दो हॉस्टल सील

jantaserishta.com
26 Nov 2021 1:19 PM IST
मेडिकल कॉलेज की पार्टी में फूटा कोरोना बम, अबतक 182 लोग संक्रमित, दो हॉस्टल सील
x
सभी छात्रों का होगा टेस्ट।

नई दिल्ली. कर्नाटक के धारवाड़ में एसडीएम कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेस में कोरोना के संक्रमण (Covid-19) से हड़कंप मच गया है. यहां अब कुल 182 छात्र कोरोना की चपेट में आ चुके हैं. जबकि गुरुवार तक ये आंकड़ा सिर्फ 66 था. कहा जा रहा है कि ये संख्या और भी बढ़ सकती है. खास बात ये है कि वायरस का संक्रमण ज्यादातर ऐसे छात्रों और स्टाफ में फैला है जिन्होंंने वैक्सीन (Covid-19 Vaccine) की दोनों डोज़ ले ली थी. हाल ही में कॉलेज के कैंपस में फ्रेशर्स पार्टी हुई थी. इसके बाद से ही यहां से कोरोना के नए मरीज़ लगातार सामने आ रहे हैं.

मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले कुल 400 छात्रों में से लगभग 300 छात्रों की अब तक कोविड जांच हो चुकी है. अधिकारियों के अनुसार, हो सकता है कि लगभग एक सप्ताह पहले हुए छात्रों के एक कार्यक्रम के दौरान संक्रमण फैला हो. धारवाड़ के उपायुक्त नितेश पाटिल ने गुरुवार को कहा था कि अब तक 66 छात्र संक्रमित हो चुके हैं. 300 छात्रों की जांच की जा चुकी है और बाकी 100 की भी जांच की जा रही है. साथ ही, लगभग 3,000 कर्मचारियों की भी जांच की जाएगी. संक्रमित पाए गए लोगों को क्वारंटीन में रख कर उनका इलाज किया जा रहा है.
हेल्थ कमिशनर डी रणदीप ने कहा है कि संक्रमित लोगों के सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा. ये पता लगाने की कोशिश की जाएगी की क्या ये संक्रमण कोरोना के किसी नए वेरिएंट से तो नहीं फैला है. फिलहाल हॉस्टल से सभी छात्रों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
हुबली-धारवाड़ के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यशवंत ने कहा, 'संक्रमित लोगों में से अधिकांश को टीके की दोनों खुराकें मिल चुकी हैं. उन सभी को परिसर में ही अलग-थलग कर दिया गया है.' अधिकारियों ने कहा कि कोविड पॉजिटिव रोगियों में हल्के या कोई लक्षण नहीं हैं और उनका परिसर के अंदर इलाज चल रहा है.
राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कॉलेज और अस्पताल में लगभग 3,000 कर्मचारियों और छात्रों का टेस्ट करने का निर्णय लिया है. अब तक कम से कम 1,000 लोगों का परीक्षण किया जा चुका है और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है. इस बीच, कर्नाटक में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 306 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29,94,561 हो गयी, जबकि दो और रोगियों की मौत होने से मृतकों की तादाद 38,187 पर पहुंच गई.
राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, कर्नाटक में बीते 24 घंटे के दौरान 224 रोगी संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 29,49,853 हो गई.


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story