
बेंगलुरु: आपातकाल की निंदा करने वाले कार्यक्रमों के नाम पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अपमान करने के विरोध में यहां भाजपा मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को शनिवार को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता मल्लेश्वरम में भाजपा मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए, उन्हें मौके से हटा दिया गया और पुलिस वैन में ले जाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनमें से कम से कम 20 को एहतियातन हिरासत में लिया गया है। यह विरोध प्रदर्शन कर्नाटक भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एक कथित पोस्ट को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें पार्टी ने इंदिरा गांधी की तुलना एडोल्फ हिटलर से की थी। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के महासचिव एस मनोहर द्वारा 25 जून को हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में मनोहर ने आरोप लगाया था कि भाजपा के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट (@BJP4Karnataka) द्वारा बुधवार को अपराह्न 3:54 बजे “इंदिरा भारत के बराबर नहीं, इंदिरा = हिटलर” शीर्षक से जो पोस्ट डाली गई थी, उसके साथ भारत में आपातकाल के दौर से संबंधित 38 सेकंड का एक वीडियो भी था।





