
Karnataka कर्नाटक: क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने शिवम एसोसिएट्स से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित डिपॉजिट फ्रॉड मामले की जांच तेज कर दी है। इस केस में अब कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के कई जाने-माने कलाकारों की भूमिका और उनकी मौजूदगी को लेकर भी जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी की ओर से कुछ प्रमुख फिल्मी हस्तियों को नोटिस भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। इनमें एक्टर धनंजय, वशिष्ठ एन सिम्हा, रागिनी द्विवेदी और सप्तमी गौड़ा के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इन सभी को जांच में शामिल होने और बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले साल 27 दिसंबर को बेलगाम में शिवम एसोसिएट्स द्वारा एक बड़ा इवेंट आयोजित किया गया था, जिसका नाम “कन्नड़ उत्सव” रखा गया था। इस आयोजन में कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने हिस्सा लिया था। अब इस कार्यक्रम को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया गया है, क्योंकि आशंका जताई जा रही है कि इसी आयोजन के जरिए कंपनी ने अपने नेटवर्क और निवेशकों तक पहुंच बनाई थी।
इस पूरे मामले की जांच के दौरान CID यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस इवेंट का इस्तेमाल निवेश आकर्षित करने और कथित डिपॉजिट फ्रॉड को बढ़ावा देने के लिए किया गया था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी का उपयोग लोगों का भरोसा जीतने के लिए किया गया।
शिवम एसोसिएट्स के मालिक शिवानंद नीलांवर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि कंपनी ने विभिन्न निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों से बड़ी रकम जुटाई, जिसके बाद कई शिकायतें सामने आईं।
CID अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में कई और लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि निवेशकों से जुटाई गई रकम का उपयोग कहां और किस तरह किया गया।
इस मामले के सामने आने के बाद कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी कलाकार पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाए गए हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी को जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





