कर्नाटक

भाजपा विधायक बोले, जेडी-एस के साथ गठबंधन से इनकार नहीं किया जा सकता

Rani Sahu
11 May 2023 4:03 PM GMT
भाजपा विधायक बोले, जेडी-एस के साथ गठबंधन से इनकार नहीं किया जा सकता
x
बेंगलुरु (आईएएनएस)| कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटों के लिए मतदान बुधवार को समाप्त हो गया। एक दिन बाद गुरुवार को दावणगेरे जिले में होन्नाली निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के मौजूदा विधायक एम.पी. रेणुकाचार्य ने कहा कि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में जनता दल-सेक्युलर (जेडी-एस) के साथ गठबंधन से इनकार नहीं किया जा सकता। भाजपा विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर ऐसी स्थिति आती है तो जेडी-एस के साथ गठबंधन हो सकता है। पार्टी के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा के करीबी रेणुकाचार्य की टिप्पणी वर्तमान परिदृश्य में महत्व रखती है, क्योंकि कुछ एग्जिट पोल भी राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की भविष्यवाणी कर रहे हैं।
होन्नाली निर्वाचन क्षेत्र चुनाव लड़ने वाले भाजपा उम्मीदवार रेणुकाचार्य ने आगे कहा कि आज तक, जेडीएस के साथ कोई मौन समझौता नहीं हुआ है। एग्जिट पोल के अनुमानों पर प्रतिक्रिया देते हुए रेणुकाचार्य ने कहा कि पार्टी के नेता लोगों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की भी नब्ज जानते हैं।
उन्होंने कहा कि मीडिया की खबरों के बावजूद लोगों ने भाजपा को वोट दिया है। मैं यहां किसी को दोष नहीं दे रहा हूं। कर्नाटक में भाजपा सत्ता में आएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि "मैं मीडिया रिपोर्ट्स को पूरी तरह से खारिज नहीं करूंगा। हमने 150 सीटों की भविष्यवाणी की थी। अब ऐसा लगता है कि भाजपा को 125 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। हम ग्रामीण इलाकों के कार्यकर्ताओं की नब्ज जानते हैं।"
इसके अलावा भाजपा नेता ने कहा कि अगर राज्य में गठबंधन की जरूरत पड़ी तो हमारे राष्ट्रीय नेता तय करेंगे। यह स्थिति भी पैदा हो सकती है। इसका फैसला नतीजों के बाद किया जाएगा। बुधवार को हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 13 मई को आएंगे।
--आईएएनएस
Next Story