
Karnataka कर्नाटक: वाइस प्रेसिडेंट सी.पी. राधाकृष्णन ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन पर तीखा व्यंग्य किया। खड़गे द्वारा दिए गए एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित रूप से “आतंकवादी” कहने की बात सामने आई थी।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी खड़गे के बयान की कड़ी आलोचना की है और इसे आपत्तिजनक बताया है। इसी क्रम में वाइस प्रेसिडेंट सी.पी. राधाकृष्णन ने खड़गे के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कई बार उनके बयानों में स्पष्टता की कमी दिखाई देती है।
राधाकृष्णन बुधवार को कर्नाटक के बीदर स्थित श्री चेन्नाबसवश्रम में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम हीरेमठ संस्थान के डॉ. बसवलिंग पट्टादेवरु महास्वामीजी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे।
अपने संबोधन में राधाकृष्णन ने हल्के व्यंग्य के अंदाज में कहा, “मेरी खड़गे से थोड़ी असहमति है। कभी-कभी मुझे लगता है कि वह काले और सफेद में फर्क नहीं कर पाते, और कभी-कभी आतंकवादियों और आतंकवादियों के डर में भी।” हालांकि उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें खड़गे से कोई समस्या नहीं है और दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और विभिन्न दलों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस की ओर से अभी तक इस टिप्पणी पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है, खासकर ऐसे समय में जब देश में चुनावी माहौल और राजनीतिक बयानबाजी लगातार गर्म होती जा रही है।





