
Karnataka कर्नाटक: बेंगलुरु में मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर चल रहे पिंक और ब्लू लाइन प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन एक बार फिर बढ़ा दी गई है। शहर के लोगों को लंबे समय से इन दोनों प्रमुख रूट्स के पूरा होने का इंतजार है, लेकिन निर्माण कार्य की गति और तकनीकी कारणों के चलते समयसीमा आगे खिसका दी गई है।
राज्य के विकास मंत्री कृष्ण बायर गौड़ा ने BMRCL अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद नई समयसीमा की जानकारी दी।
पिंक लाइन के तहत एलिवेटेड सेक्शन को 15 अगस्त तक जनता के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं नागवारा तक अंडरग्राउंड हिस्से सहित इस पूरी पिंक लाइन परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने की उम्मीद जताई गई है। मंत्री ने बताया कि कल्लेना अग्रहारा से तवारेकेरे तक एलिवेटेड कॉरिडोर अगस्त में चालू किया जा सकता है।
ब्लू लाइन परियोजना के लिए भी संशोधित समयसीमा तय की गई है। इसके तहत के.आर. पुरम से मराठाहल्ली और एचएसआर लेआउट तक रूट पर अक्टूबर 2026 तक ट्रायल रन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा हेब्बल से केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का मेट्रो रूट जून 2027 तक शुरू होने की संभावना है, जबकि के.आर. पुरम-हेब्बल सेक्शन का काम दिसंबर 2027 तक पूरा होने का अनुमान है।
अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से बेंगलुरु में ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और शहर के पूर्व, पश्चिम और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा। हालांकि लगातार हो रही देरी को लेकर यात्रियों में निराशा भी देखी जा रही है।





