
Karnataka कर्नाटक: कर्नाटक के बेलगाम जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। रायबाग रेलवे स्टेशन के पास हुए इस हादसे में एक 6 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मृतकों की पहचान महंतेश माने, उनकी पत्नी साक्षी माने और उनके 6 महीने के बच्चे के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब महंतेश माने अपने परिवार के साथ बाइक पर बोम्मानल गांव से रायबाग शहर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शहर के बाहरी इलाके में एक सड़क पर सामने से आ रहे एक मालवाहक ऑटो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ऑटो गलत दिशा और उल्टी साइड से आ रहा था, जिसके कारण यह आमने-सामने की टक्कर हुई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति और उनका बच्चा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिक खून बहने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रायबाग पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।





