
Karnataka कर्नाटक : चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट तालुक में बांदीपुर टाइगर रिजर्व के एक निजी रिसॉर्ट में ठहरे दंपती और उनके बच्चे को सोमवार को बदमाशों ने अगवा कर लिया। दंपती अपने बच्चे के साथ रविवार रात बांदीपुर के पास एक रिसॉर्ट में ठहरे थे। सोमवार को दंपती और उनके बच्चे को दो कारों में सवार बदमाशों ने उस समय अगवा कर लिया, जब वे रिसॉर्ट से निकल रहे थे। बाद में रिसॉर्ट मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जो मौके पर पहुंची। डीएसपी लक्ष्मय्या के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी जुटाई। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई।
घटना के बारे में एसपी बीटी कविता ने बताया कि रिसॉर्ट मालिक ने सोमवार दोपहर एक बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो वाहनों में सवार होकर आए बदमाश पति-पत्नी और बच्चे को ले गए। यह पता नहीं चल पाया है कि उन्हें रिश्तेदार ले गए या कोई और ले गया। रिसॉर्ट को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि उन्हें कौन ले गया। अगर यह अपहरण होता, तो विरोध होता। उन्होंने बताया कि पुलिस दल को घटनास्थल पर भेज दिया गया है तथा जांच जारी है।





