कर्नाटक

तिरुचेंदूर मंदिर में पूजा के बाद बोले डीके शिवकुमार, 'तमिलनाडु में कांग्रेस को करेंगे मजबूत'

SHIDDHANT
15 May 2026 9:10 PM IST
तिरुचेंदूर मंदिर में पूजा के बाद बोले डीके शिवकुमार, तमिलनाडु में कांग्रेस को करेंगे मजबूत
x
Karnataka कर्नाटक: उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने अपने 64वें जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को तमिलनाडु के प्रसिद्ध तिरुचेंदूर मुरुगन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। शिवकुमार विशेष विमान से तूतीकोरिन पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आईएएनएस से बातचीत में तमिलनाडु में कांग्रेस और टीवीके के बीच सत्ता साझेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं ने इस व्यवस्था पर सहमति जताई है और यह पहले से तय समझौते का हिस्सा था।
उन्होंने कहा, “अब हम उन्हें (टीवीके) सही दिशा भी देंगे। उनमें से कुछ नेता पहले यूपीए सरकार में कांग्रेस की ओर से मंत्री रह चुके हैं। तमिलनाडु में भी उन्हें अवसर दिए जाएंगे। सभी के सहयोग से हम धीरे-धीरे राज्य में कांग्रेस को और मजबूत करेंगे। शिवकुमार शुक्रवार को ही बेंगलुरु लौटने वाले हैं। कर्नाटक में नेतृत्व को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच उनका यह धार्मिक दौरा खास महत्व रखता है।
गौरतलब है कि तूतीकोरिन जिले के तिरुचेंदूर स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित एक प्रसिद्ध हिंदू तीर्थस्थल है, जो बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित है। यह भगवान मुरुगन के छह पवित्र निवासों ‘अरुपदईवीडु’ में दूसरा प्रमुख स्थल माना जाता है और माना जाता है कि यहीं भगवान मुरुगन ने राक्षस सुरपद्मन पर विजय प्राप्त करने के बाद विश्राम किया था।
करीब 2,000 से 3,000 वर्ष पुराने इस मंदिर में भगवान मुरुगन की जयंतीनाथर के रूप में पूजा की जाती है। दक्षिण भारत के सबसे प्रतिष्ठित मुरुगन मंदिरों में शामिल इस तीर्थस्थल पर हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर अपनी आध्यात्मिक महत्ता, पारंपरिक अनुष्ठानों और पूरे दिन होने वाली विधिवत पूजा-पद्धति के लिए भी प्रसिद्ध है।
Next Story