
Karnataka कर्नाटक: ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग की लत एक बार फिर एक भयावह घटना का कारण बन गई, जहां 18 वर्षीय कॉलेज छात्र ने अपने ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी बड़ी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई और मां गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
यह दर्दनाक घटना जिले के गंगावती तालुक के होसा अयोध्या गांव की है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान साई वेंकट मंदीप (18) के रूप में हुई है, जो एक कॉलेज छात्र है और पिछले करीब एक साल से ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग की लत में फंसा हुआ था। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की रकम हार दी थी।
घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हुई जब परिवार ने डिनर के बाद उसे उसके व्यवहार और पैसे गंवाने को लेकर डांटा। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी ने अचानक गुस्से में आकर किचन से चाकू उठा लिया और अपने परिवार पर हमला कर दिया।
हमले में उसकी 19 वर्षीय बहन प्रगति की मौके पर ही मौत हो गई। पिता वेंकट नायडू (45) और मां सौजन्या (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी ने खुद भी गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की, हालांकि वह बच गया।
घटना के बाद पड़ोसियों ने तुरंत शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को बचाया और सभी को बेल्लारी के VIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रविवार को पिता वेंकट नायडू ने दम तोड़ दिया। वहीं, मां सौजन्या की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन बेटिंग में पैसा गंवा रहा था और मानसिक दबाव में था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसे किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या नेटवर्क से लगातार लत बढ़ाने वाली गतिविधियों में फंसाया गया था।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग सदमे में हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग की लत युवाओं में तेजी से बढ़ रही है, जो कई बार गंभीर मानसिक और सामाजिक समस्याओं को जन्म दे रही है।
फिलहाल आरोपी का इलाज भी अस्पताल में चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है। परिवार की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन जुए और गेमिंग की लत के खतरों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





