कर्नाटक

कर्नाटक में एक दिन में 628 नए मामले, 15 लोगों की मौतें

Rani Sahu
26 Feb 2022 9:32 AM GMT
कर्नाटक में एक दिन में 628 नए मामले, 15 लोगों की मौतें
x
राज्य में बीते एक दिन में कोविड के 628 नए मामले सामने आए जबकि गुरुवार को 588 नए मरीज ही मिले थे

बेंगलूरु. राज्य में बीते एक दिन में कोविड के 628 नए मामले सामने आए जबकि गुरुवार को 588 नए मरीज ही मिले थे। राज्य में अब तक संक्रमित कुल 39,39,915 लोगों में से 38,92,459 लोग स्वस्थ हुए हैं। इनमें से 1,349 लोग शुक्रवार को संक्रमण से उबरे। कोविड से कुल 39,900 मरीजों की मौत हुई है। इनमें से 15 मौतों की पुष्टि शुक्रवार को हुई। राज्य में अब 7,518 एक्टिव मामले हैं। रिकवरी दर 98.79 फीसदी और टेस्ट पॉजिटिविटी दर (टीपीआर) 0.92 फीसदी है।

346 नए मामले बेंगलूरु शहर में मिले है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की तादाद 17,77,792 हो गई है। हालांकि, इनमें से 17,56,935 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। शहर में अब 3,973 एक्टिव मामले ही है। कोविड से 16,883 मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने 12 मौतों की पुष्टि शुक्रवार को की।
बेलगावी जिले में 30, चित्रदुर्ग जिले में 22, मैसूरु जिले में 21, कोडुगू जिले में 21 और मण्ड्या जिले में 15 नए मरीजों की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में गत 24 घंटे में 17,522 रैपिड एंटीजन और 50,061 आरटी-पीसीआर जांच सहित कुल 67,583 नए सैंपल जांचे। 1,05,030 लोगों का टीकाकरण हुआ।
पल्स पोलियो अभियान कल से
बेंगलूरु. शहर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम 27 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। मॉप-अप ऑपरेशन दो मार्च तक चलेगा। बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के मुख्य आयुक्त गौरव गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि टीकाकरण के लिए शहर में पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की अनुमानित संख्या 10.8 लाख है।
उन्होंने बताया कहा कि 2011 के बाद से पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2014 में भारत को पोलियो मुक्त राष्ट्र घोषित किया था। लेकिन, पड़ोसी देशों में कुछ मामले सामने आए हैं
उन्होंने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम बीबीएमपी के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 141 योजना इकाइयों के साथ पूरे शहर में लागू किया जाएगा। स्कूलों, पार्कों, मेट्रो स्टेशनों, धार्मिक स्थलों, बस स्टेशनों, बाजार क्षेत्रों, शॉपिंग मॉल और मलिन बस्तियों में विशेष मोबाइल और ट्रांजिट बूथ के अलावा, 198 वार्डों में 3,404 टीकाकरण बूथ स्थापित किए जाएंगे। बूथों में कार्यक्रम क्रियान्वयन, कवरेज और प्रबंधन की देखरेख और समन्वय के लिए सभी विभागों से नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों, रोटरी और लायंस क्लबों, अक्षय पात्र और कई अन्य गैर-सरकारी संगठनों के समर्थन से कुल 15,000 लोगों को इस अभियान में लगाया गया है। अपने निकटतम पल्स पोलियो बूथ का पता लगाने के लिए नागरिक 1533 पर कॉल कर सकते हैं।
Next Story