
Karnataka कर्नाटक: जनता दल (सेक्युलर) पार्टी की सिल्वर जुबली और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के जन्मदिन के अवसर पर “जनता प्रीमियर लीग” (JPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 15 से 17 मई, 2026 तक बेंगलुरु के मदावरा नाइस ग्राउंड में आयोजित होगा।
इस क्रिकेट लीग में 20 जिलों की कुल 24 टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन से पहले जेपी भवन में टूर्नामेंट की ट्रॉफी और लोगो का औपचारिक अनावरण किया गया, जिसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
आयोजन समिति के अनुसार, 15 मई को JDS यूथ विंग के अध्यक्ष निखिल कुमारस्वामी टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, इस टूर्नामेंट की सभी तैयारियों की जिम्मेदारी विधायक समृद्धि मंजूनाथ को सौंपी गई है। आयोजन को लेकर मैदान, खिलाड़ियों की व्यवस्था और सुरक्षा सहित सभी इंतज़ाम पूरे किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल है, क्योंकि इसे पार्टी के 25 साल पूरे होने के अवसर पर एक बड़े युवा उत्सव के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व MLC रमेश गौड़ा ने कहा कि JDS ने अपने 25 वर्षों के राजनीतिक सफर को पूरा कर लिया है और इस अवसर को युवाओं को जोड़कर खास तरीके से मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “दो राष्ट्रीय पार्टियों के बीच JDS ने 25 साल पूरे किए हैं और हम युवाओं की भागीदारी के जरिए इस उपलब्धि को सेलिब्रेट कर रहे हैं।”
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट की विजेता टीम को ₹5 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अन्य पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है।
इस आयोजन को राजनीतिक और खेल दोनों स्तरों पर युवाओं को जोड़ने की एक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।





