
Karnataka कर्नाटक: कर्नाटक के प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल Male Mahadeshwara Temple के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तेंदुए के हमले में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
मृतक बच्चे की पहचान हर्षित के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु का रहने वाला था। वह अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन के लिए आया था।
जानकारी के अनुसार, हर्षित का परिवार शनिवार को Male Mahadeshwara Temple में भगवान के दर्शन के लिए पहुंचा था। दर्शन के बाद परिवार जंगल के रास्ते पैदल नागमाले की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक एक तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर खींच ले गया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही घटना घट गई।
कुछ समय बाद खोजबीन के दौरान बच्चे का शव जंगल में एक चट्टान के पास मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेंदुए ने बच्चे की गर्दन पर हमला किया, जिससे अत्यधिक खून बह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह इलाका जंगल से घिरा हुआ है और यहां पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही देखी गई है। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों को जंगल के रास्तों से सावधानीपूर्वक गुजरने की सलाह दी गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
फिलहाल बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।





