झारखंड

नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में महिला की मौत, एक घायल

Rani Sahu
26 March 2023 10:26 PM IST
नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में महिला की मौत, एक घायल
x
चाईबासा : चाईबासा के नक्सल प्रभावित मुफसिल थाना क्षेत्र के अंजदबेड़ा गांव के चिड़ियाबेड़ा टोला जंगल में नक्सलियों के आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य महिला के गंभीर रूप से घायल होने की खबर आई है। मृतका की पहचान चिडियाबेड़ा टोला निवासी गुरबारी तामसोय (62) के रूप में हुई है जबकि चांदु तामसोय (62) गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों महिलाएं जंगल में पत्ता तोड़ने गई थीं। इसकी सूचना ग्रामीणों ने रविवार को पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जिला पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने जख्मी महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। वहीं, मृत महिला गुरवारी तामसाय का शव पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह में रखा गया है।
नक्सली बौखलाकर कर रहे हैं विस्फोट
घटना को लेकर एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाये जाने से वे बौखलाये हुए हैं। जिसके कारण आए दिन आईईडी ब्लास्ट कर रहे हैं। शनिवार को भी सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने चिरियाबेड़ा जंगल में आईईडी लगाये थे। हालांकि, जंगल में पत्ता तोड़ने गईं दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं।
Next Story