झारखंड

झारखंड को आर्थिक रूप से बनाएंगे सशक्त: मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन

Admindelhi1
27 Feb 2024 6:20 AM GMT
झारखंड को आर्थिक रूप से बनाएंगे सशक्त: मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन
x
राज्य सरकार लगातार काम कर रही है: चंपाई

धनबाद: मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा है कि झारखंड को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। वे रविवार को बरहेट के भोगनाडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित अबुआ आवास के लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरण के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मौके पर साहिबगंज के अलावा पाकुड़ व गोड्डा जिला के अबुआ आवास के लाभुकों को भी स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इस मंौके पर मुख्यमंत्री चंपाई ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के प्रतिभाशाली बच्चों को विदेशों में सरकारी खर्च पर पढ़ने की सुविधा दी। अब यहां के विद्यार्थी अपने इच्छानुसार मेडिकल, इंजीनियरिंग व कानून की शिक्षा ले सकते हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई पर होने वाला सारा खर्च राज्य सरकार देगी।

सीएम ने कहा कि राज्य की खनिज संपदा व वनों को लूटने वालों के खिलाफ जब पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्रवाई शुरू किया, तो भाजपा के इशारे पर केंद्रीय एजेंसियों ने उन्हें जमीन के झूठे मामले में फंसाकर जेल में डाल दिया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया। इससे पूर्व श्रममंत्री सत्यानंद भोक्ता के अलावा राजमहल सांसद विजय हांसदा समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर वितरण समारोह का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी,पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह,पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, जिप अध्यक्ष मोनिका किस्कू आदि मौजूद थे।

दुमका भोगनाडीह से वापस लौटने के दौरान दुमका हवाई अड्डे पर सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि अबुआ आवास योजना के तहत सरकार ने 2 लाख लोगों को आवास की स्वीकृति दे दी है। तीन माह में 9 लाख लोगों को अबुआ आवास देने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम ने कहा कि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड में बुनियादी सुविधा देने का जो सपना देखा था, उनके सपनों को वे पूरा करेंगे। इस मौके पर सीएम के साथ श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता व महेशपुर विधायक प्रो.स्टीफन मरांडी सहित अन्य कई नेता मौजूद थे। यहां से सीएम रांची के लिए रवाना हो गए।

Next Story