
x
रांची: पैसे के बंटवारे के विवाद में रविवार की रात 65 वर्षीया रनधावन टुडू की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई. यह घटना साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के सावलापुर सड़क टोला की है जहा जमीन के मुआवजे के रूप में मिली राशि को लेकर इतना बड़ा बखेरा खड़ा हुआ कि अपने ही गोतिया ने पैसो के लिए आधी रात को महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी ...
पति के सामने पत्नी की निर्ममता से हत्या
मृतक महिला के पति शिवलाल सोरेन का कहना है कि रविवार की रात उसकी पत्नी घर के आंगन में अपने नाती के साथ सो रही थी. कुछ ही दूरी पर वह भी सोया हुआ था. लगभग 12.30 बजे रात उसने पत्नी के चीखने की आवाज सुनी तो वह उठकर उस ओर दौड़ा जहां उसकी पत्नी सो रही थी . देखा कि गांव का ही सिरिल सोरेन धारदार हथियार से लगातार उसके पत्नी के गले पर वार करते जा रहा है. जब पति ने शोर किया तो आरोपी ने उसे भी खदेड़ा तो वह डर के मारे छिप गया.
सड़क बनाने में गई जमीन के पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद
सुबह उसने गांव के लोगों को बुलाकर पूरा मामला बताया और इसकी जानकारी दी. इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी चिंतामन रजक घटना स्थल पर पहुंच गए तथा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी . उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया.
शिवलाल सोरेन ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उसकी और उसके गोतिया की जमीन महाराजपुर-शर्मापुर पीडब्ल्यूडी रोड में गई थी. इसके एवज में सरकार द्वारा हाल - फिलहाल में मुआवजा राशि दी गई थी . और इसी राशि के बंटवारे को लेकर गोतिया के साथ उसका विवाद लगभग तीन माह से चला आ रहा था.
ज्यादा पैसों की मांग को लेकर हुई हत्या
उसने बताया कि उसकी ही सबसे ज्यादा जमीन सड़क में चली गई थी जिस वजह से उसे ज्यादा राशि मिलनी चाहिए थी , लेकिन राशि को चार बराबर भाग में बांट दिया गया. और इसी को लेकर वह तीन महीने से लड़ रहा था और अपना हिस्सा मांग रहा था. यही कारण रहा कि आरोपी ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी . उसने यह भी बताया की कुछ माह पूर्व इसी मामले के विवाद को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी. मृतक महिला की तीन बेटियां है. सभी की शादी हो चुकी है. उसे कोई पुत्र नहीं है. नाती साथ रहता है.
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है. धर, घटना को अंजाम देने के बाद सिरिल सोरेन फरार चल रहा है . इस मामले में फिलहाल शिवलाल सोरेन के बयान पर मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है साथ ही स्थानीय पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है.
Next Story





