झारखंड

झारखंड में मानसून कब देगा दस्तक, मौसम विभाग की देखे रिपोर्ट

Shiddhant Shriwas
3 Jun 2022 4:00 PM GMT
झारखंड में मानसून कब देगा दस्तक, मौसम विभाग की देखे रिपोर्ट
x
झारखंड में प्री-मानसून का असर साफतौर पर दिखने लगा है। अमूमन सभी जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की व कहीं कहीं तेज बारिश की सूचना प्राप्त हो रही

झारखंड में प्री-मानसून का असर साफतौर पर दिखने लगा है। अमूमन सभी जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की व कहीं कहीं तेज बारिश की सूचना प्राप्त हो रही है। मौसम विभाग ने भी जारी रिपोर्ट में स्पष्ट रुप से कहा है कि अबकी बार मानसून का अच्छा लाभ आम आवाम के साथ साथ किसानों को भी मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार सामान्य रहेगा। जिसके चलते सभी जिलों में बारिश का अनुपात गत वर्ष की तुलना में बेहतर रहेगा।

वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि राजधानी रांची समेत मध्य भाग रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी के साथ साथ उत्तर पूर्वी यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। साथ ही इन हिस्सों में 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा बहने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो झारखंड में सबसे अधिक बारिश दुमका के महारो में 29.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। वहीं सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर का 41.2 डिग्री जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस देवघर का दर्ज किया गया है। राजधानी रांची में आज का तापमान अधिकतम 38 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
तीन दिन पूर्व मानसून देगा दस्तक
देश के पूर्वी व पश्चिमी हिस्सों में साइक्लाेनिक सर्कुलेशन के असर की वजह से मानसून का असर 3 दिन पहले ही दिखने लगा है। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य हिस्से से घने बादलों का उठना शुरु हो गया है। वहीं मध्य अरब सागर के तटीय हिस्सों में भी तेज मानसून काे लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट की माने तो अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में अगले कुछ दिनों में मानसून का असर तेज हो जाएगा। जबकि झारखंड, बिहार, बंगाल, ओड़िसा में प्री-मानसून को ले आंशिक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना तेज हो जाएगी।
बताया जा रहा है कि 10 जून के बाद से राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में मानसून का असर दिखने लगेगा। इसे लेकर मौसम विभाग ने बाकायदा पूर्वानुमान भी जारी किया है। औसत से अधिक बारिश की संभावना के बीच किसानी को भी गति मिलने की पूरी संभावना है।


Next Story