
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के बेगाबाद प्रखंड में अधूरी सड़क निर्माण के विरोध का अनोखा मामला सामने आया है। सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने विरोध जताने के लिए सड़क पर बने गड्ढों में मछली पालन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का यह अनोखा प्रदर्शन अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन के क्षेत्र से जुड़ा है। शनिवार को छोटकी खरगडीहा पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बनहती-छोटकी खरगडीहा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क के गड्ढों में जमा बारिश के पानी में मछली का जीरा डालकर विभाग का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि छोटकी खरगडीहा चौक से पंचायत सचिवालय तक सड़क निर्माण का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश के बाद पानी भर जाता है। इससे राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण का काम दोबारा शुरू नहीं किया गया, तो संबंधित विभाग के कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी और अधिकारियों के प्रवेश का विरोध किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में चारपहिया और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों की मांग पर इसके निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका।
जानकारी के मुताबिक, सड़क निर्माण योजना वर्ष 2022-23 में स्वीकृत हुई थी और इसके लिए एग्रीमेंट भी किया गया था। संवेदक ने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन छोटकी खरगडीहा चौक से पंचायत सचिवालय तक का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया। इसके बाद से ग्रामीण लगातार सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों और संवेदक को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उन्हें इस तरह का प्रतीकात्मक विरोध करना पड़ा।
मुखिया सुनीता देवी और पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद वर्मा की पहल पर अधिकारियों को कई बार पत्र भेजकर सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
प्रदर्शन में पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि शमसुद्दीन अंसारी, राजू साव, प्रमोद पंडित, अर्जुन पंडित, मो. कादिर अंसारी, मिष्टी देवी, रेखा देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है।





