
साहिबाबाद। गाजियाबाद के वैशाली और कौशांबी क्षेत्र में पिछले सात दिनों से जलापूर्ति बाधित होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। प्रताप विहार गंगाजल प्लांट से पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद हजारों लोगों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को जलकल विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जलकल विभाग की ओर से लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन धरातल पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि कभी प्लांट की मोटर खराब होने की जानकारी दी जाती है तो कभी कम प्रेशर से पानी आने की बात कहकर समस्या टाल दी जाती है।
प्रताप विहर गंगाजल प्लांट से इंदिरापुरम, कौशांबी, वैशाली और आसपास के कई इलाकों में जलापूर्ति की जाती है। पिछले कई दिनों से प्लांट से कम दबाव में पानी मिलने के कारण कई सेक्टरों और सोसायटियों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है।
सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जिनके घरों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और नौकरीपेशा लोग हैं। लोगों को सुबह के समय पानी की जरूरत पूरी करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई परिवार पीने के पानी के लिए दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।
वैशाली सेक्टर-3 एफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष धीरेंद्र भदौरिया ने बताया कि पानी की समस्या के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने के बाद भी लोगों को केवल आश्वासन मिल रहा है। पानी की कमी के कारण बच्चों के स्कूल जाने और नौकरीपेशा लोगों के काम पर जाने की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने जलकल विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। लोगों का कहना था कि सात दिन से जलापूर्ति बाधित होने के बावजूद विभाग की ओर से कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।
वहीं जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समस्या का समाधान किया जा रहा है। विभाग के अधिशासी अभियंता ब्रह्मानंद ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। मोटर में आई खराबी को ठीक करा लिया गया है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक घरों में नियमित और पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता, तब तक उनकी परेशानी खत्म नहीं होगी। उन्होंने विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।
गौरतलब है कि प्रताप विहार गंगाजल प्लांट से बड़ी आबादी को पानी की आपूर्ति होती है। ऐसे में प्लांट की तकनीकी खराबी का सीधा असर हजारों परिवारों पर पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि गर्मी और अन्य मौसमों में ऐसी समस्या दोबारा न हो।





