झारखंड

बीएलओ के साथ वॉलंटियर्स भी जाएंगे घर-घर, सुधरेगी वोटर लिस्ट

Saba Naaz
29 Jun 2026 6:49 PM IST
बीएलओ के साथ वॉलंटियर्स भी जाएंगे घर-घर, सुधरेगी वोटर लिस्ट
x

जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिहीन बनाने के लिए एक महीने का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान मंगलवार, 30 जून से शुरू होने जा रहा है। आगामी 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस देशव्यापी अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और विशेष रूप से तैनात किए गए वॉलंटियर्स की संयुक्त टीम जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में घर-घर दस्तक देगी। अभियान की पूर्व संध्या पर सोमवार को जमशेदपुर के रवींद्र भवन सभागार में जिले के सभी बीएलओ और वॉलंटियर्स के लिए एक वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण खुद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (डीसी) राजीव रंजन ने किया।

घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, मतदाताओं को भरने होंगे गणना प्रपत्र

अभियान की प्रक्रिया के तहत बीएलओ हर घर जाकर मतदाताओं को दो प्रतियों (कापियों) में 'गणना प्रपत्र' (इन्यूमरेशन फॉर्म) उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं के लिए इस प्रपत्र में अपनी सही जानकारी दर्ज करना, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो चिपकाना और हस्ताक्षर करना अनिवार्य होगा। विवरण भरने के बाद यह फॉर्म बीएलओ को वापस सौंपना होगा। डीसी राजीव रंजन ने बताया कि इस बार बीएलओ के साथ वॉलंटियर्स को भी जोड़ा गया है। इनका मुख्य कार्य उन 'अनट्रेस्ड' (लापता या जो अपने पते पर नहीं रह रहे हैं) मतदाताओं की पहचान करना और उनका सत्यापन करना है ताकि फर्जी या दोहरे नामों को हटाया जा सके। इसके अलावा, फॉर्म भरने में व्यावहारिक दिक्कत आने पर वॉलंटियर्स सीधे एईआरओ (AERO) या ईआरओ (ERO) को रिपोर्ट करेंगे।

बुजुर्गों, दिव्यांगों और प्रवासियों को घर बैठे प्राथमिकता

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक, नया मतदाता या प्रवासी मजदूर इस सूची से न छूटे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि बुजुर्गों, दिव्यांगों, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों और समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। उन्हें नाम जुड़वाने या किसी भी प्रकार के सुधार के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि टीम खुद उनके घर जाकर सेवा देगी। जो छात्र या श्रमिक जिले से बाहर रह रहे हैं, उनके परिवार के सदस्य इसीआइएनइटी (ECINET) पोर्टल या ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में फॉर्म भरकर बीएलओ को भेज सकते हैं।

मैपिंग में बहरागोड़ा सबसे आगे, जमशेदपुर पूर्वी फिसड्डी

उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने प्रशिक्षण में डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और आवश्यक कागजातों की जांच की तकनीकी बारीकियों को समझाया। जिले में चल रहे मैपिंग कार्य के आंकड़े भी जारी किए गए हैं, जिसके तहत अब तक कुल 71.81% मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है। विधानसभा वार स्थिति इस प्रकार है:

बहरागोड़ा: 94.32% (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन)

घाटशिला: 87.81%

पोटका: 79.85%

जुगसलाई: 73.72%

जमशेदपुर पश्चिमी: 58.88%

जमशेदपुर पूर्वी: 49.39% (सबसे पिछड़ा)

हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी, दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले इस गणना (Enumeration) चरण के दौरान मतदाताओं से किसी भी प्रकार का मूल या फोटोकॉपी दस्तावेज (डॉक्यूमेंट) एकत्र नहीं किया जाएगा। मतदाता अपनी चुनावी जानकारी, मतदान केंद्र और बीएलओ का विवरण जानने के लिए ceo.jharkhand.gov.in पर जा सकते हैं, जबकि नाम में सुधार या विलोपन के लिए voters.eci.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की शिकायत या पूछताछ के लिए निर्वाचन आयोग का राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1950 चालू कर दिया गया है।

Next Story