
जमशेदपुर न्यूज़: नवागढ़ पंचायत के खरकई नदी तट पर करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे झारखंड का पहला पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय के निर्माण में विवाद उत्पन्न हो गया है. संवेदक पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रोक दिया है.
ग्रामीणों ने मुखिया सुकदेव सरदार के नेतृत्व में कार्यस्थल पहुंचकर विरोध किया. निर्माण कार्य में बाल मजदूरों से काम कराये जाने से भड़क गये. इसके अलावा निर्माण कार्य में लगाये गये सभी मजदूर राज्य से बाहर का होने की वजह से इसपर आपत्ति प्रकट की गयी.
इसमें स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग की गई है. मौके पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप बारिक, रूपेश सिहदेव, मोहित मिश्रा, रौनक सिंहदेव समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
कार्यक्रमों की समीक्षा
गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल की ओर से वनभोज सह पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया. शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पहले नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर उन्हें याद किया, तत्पश्चात विद्यालय के सालभर के कार्यक्रमों की समीक्षा की.
समीक्षा में स्कूल के सचिव इंजीनियर सत्य प्रकाश सुधांशू, प्रधानाचार्य नीलम सिन्हा, कंट्रोलर विजय कुमार आदि मौजूद थे.
वनभोज में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षिकाओं ने हिन्दी फिल्म, भोजपुरी, नागपुरी व ओडीया गीतों पर जमकर थिरके. वनभोज कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए विद्यालय सचिव इंजीनियर सुधांशू ने बताया कि हर वर्ष वनभोज सह मिलन समारोह आयोजित किया जाता है. पिछले कुछ वर्षों से कोरोना की वजह से यह कार्यक्रम नहीं हो रहा था.





