झारखंड

रांची में जाली नोट के तस्कर को पकड़ने के लिए गई दिल्ली पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, बंधक भी बनाया

Sarita
14 Aug 2022 7:18 AM IST
Villagers attacked Delhi Police, who went to catch the smuggler of counterfeit notes in Ranchi, also held hostage
x

फाइल फोटो 

जाली नोट के तस्कर को पकड़ने रांची के कांके पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम पर शनिवार को ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। जाली नोट के तस्कर को पकड़ने रांची के कांके पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम पर शनिवार को ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उन्होंने तस्कर को ले जा रही पुलिस टीम के साथ न केवल हाथापाई की बल्कि बंधक भी बना लिया। दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार को कांके प्रखंड के पिठोरिया थाना स्थित बाढ़ू गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। सूचना मिलने पर रांची पुलिस के पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मुक्त हो सकी।

पुलिस ने इस दौरान 3.75 लाख से अधिक के जाली नोट के साथ एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। जब्त नकली नोट पांच सौ रुपए के हैं। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी का नाम तसव्वर है और वह बाढ़ू का ही रहने वाला है। पुलिस ने जाली नोट चलाने वाले गढ़वा के वकील अहमद उर्फ मौलाना को दिल्ली से दबोचा था। उसकी निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की टीम तसव्वर को गिरफ्तार करने शनिवार को पिठोरिया के बाढ़ू गांव पहुंची थी।
गिरफ्तारी के बाद दिल्ली और रांची पुलिस ने तसव्वर से पूछताछ की। उसने बताया कि पिठोरिया का ही मुन्ना नामक व्यक्ति उसे जाली नोट उपलब्ध कराता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं।
सादे लिबास में थी पुलिस
दिल्ली पुलिस थाना को बिना सूचना दिए ही छापा मारने पहुंची थी। सभी पुलिसकर्मी सादे लिबास में थे। साथ में दिल्ली में दबोचा गया वकील अहमद भी था। ग्रामीणों ने पुलिस को अपहर्ता समझ घेर लिया। पुलिसकर्मी जब तसव्वर को गाड़ी में बैठा रहे थे तब ग्रामीण हाथापाई करने लगे। सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाने से पुलिस पहुंची और दिल्ली पुलिस की टीम व तसव्वर को पिठोरिया थाना ले आई।
Next Story