
Jharkhand: बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत तेनुघाट ओपी क्षेत्र के गांव में प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना पर मंगलवार को बड़ा बवाल हो गया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के मुख्य मार्ग को कई घंटों तक जाम कर दिया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर प्रशासन और पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा.
सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
स्थिति बिगड़ते देख बेरमो एसडीएम मनोज कुमार, डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. आसपास के कई थानों की पुलिस भी बुला ली गई. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि कानून अपना काम करेगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की.
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आरोपी को 12 घंटे के भीतर हिरासत में लेकर जेल भेजा जाएगा. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और स्थिति सामान्य हुई.
पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित मांस के नमूने जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं. साथ ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. तेनुघाट ओपी प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैले.





