
दक्षिण पूर्व रेलवे: आद्रा मंडल अंतर्गत चांडिल सेक्शन में 6 जुलाई से 12 जुलाई तक एक सप्ताह का संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग द्वारा आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अवधि में कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया जाएगा और कुछ के समय में बदलाव किया गया है।
रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू (68046-68045) 6, 8, 9, 10 और 12 जुलाई को रद्द रहेगी।
आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू (68090-68089) 7, 10 और 12 जुलाई को रद्द रहेगी।
आद्रा-भागा-आद्रा मेमू (68077-68078) 6 और 9 जुलाई को रद्द रहेगी।
आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू (63594-63593) 6 और 9 जुलाई को रद्द रहेगी।
टाटानगर-आसनसोल मेमू (68056) 8 और 11 जुलाई को रद्द रहेगी।
शॉर्ट टर्मिनेशन और रूट में बदलाव
टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू (68056-68060) 7, 10 और 12 जुलाई को आद्रा में ही समाप्त होगी और वहीं से ही शुरू होगी।
आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू 8, 10 और 11 जुलाई को आद्रा तक ही संचालित होगी और आद्रा-पुरुलिया-आद्रा सेक्शन पर सेवा बंद रहेगी।
चक्रधरपुर-गोमो-चक्रधरपुर मेमू (18116-18115) 7, 10 और 12 जुलाई को महुदा तक ही जाएगी।
आसनसोल-बाराभूम मेमू (68060) 8 और 11 जुलाई को आसनसोल के बजाय आद्रा से चलेगी।
आसनसोल-टाटानगर मेमू (68055) 8 और 11 जुलाई को आद्रा में ही समाप्त होगी।
ट्रेनों के समय में बदलाव
खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस (18035) 6, 9 और 10 जुलाई को एक घंटे की देरी से चलेगी।
हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस (18036) 7 जुलाई को एक घंटे तथा 8 और 11 जुलाई को दो घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य रेल सुरक्षा और परिचालन को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सभी जरूरी बदलाव पहले ही जारी कर दिए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक जानकारी या स्टेशन से अपडेट अवश्य लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।





