झारखंड

ट्रैफिक नियम: अब बचना मुश्किल, कैमरे से होगी नजर

Saba Naaz
21 Jun 2026 8:02 PM IST
ट्रैफिक नियम: अब बचना मुश्किल, कैमरे से होगी नजर
x

Jharkhand: बोकारो जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए CCTV आधारित निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को मौके पर रोके बिना ही उनके घर ई-चालान भेजा जाएगा।

चास, बोकारो से लेकर तेनुघाट तक प्रमुख चौक-चौराहों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछा दिया गया है। ये कैमरे 24 घंटे वाहनों और चालकों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, गलत पार्किंग और रेड लाइट जंप जैसे उल्लंघनों पर सिस्टम खुद ही चालान जनरेट करेगा और जुर्माना सीधे वाहन मालिक के मोबाइल और पते पर भेज दिया जाएगा।

जिले के चास के जोधाडीह मोड़, तलगड़िया, नया मोड़, जैनामोड़, पेटरवार और तेनुघाट सहित कई स्थानों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं। आने वाले समय में अन्य प्रमुख जगहों पर भी यह व्यवस्था और विस्तार की जाएगी।

ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने बताया कि यह प्रणाली केवल निगरानी के लिए नहीं है, बल्कि यह स्वतः नियम उल्लंघन की पहचान कर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अब यातायात नियमों की अनदेखी करने पर सीधे जेब पर असर पड़ेगा और चालान घर तक पहुंचेगा।

इस नई व्यवस्था से उम्मीद है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोग ट्रैफिक नियमों के प्रति अधिक जागरूक होंगे।

Next Story