
x
छठ को लेकर धनबाद में ट्रैफिक डायवर्जन
धनबाद: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर झारखंड के धनबाद में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने नया रूट प्लान तैयार किया है। इसके तहत कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया जाएगा। श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। छठ महापर्व के दौरान 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इन दोनों दिनों में छठ घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
कब से कब तक रहेगी नो एंट्री?
तारीख यातायात प्रतिबंध का समय
15 नवंबर दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक
16 नवंबर तड़के 2 बजे से सुबह 9 बजे तक
इस दौरान शहर के प्रमुख छठ घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यात्री बसों और भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
इन मार्गों पर नहीं जा सकेंगे वाहन
- पूजा टॉकीज से सिटी सेंटर तक।
- सिटी सेंटर से बेकारबांध चौक होते हुए पूजा टॉकीज तक।
- वॉच एंड वार्ड कॉलोनी से रेलवे अस्पताल तक।
- मनईटांड़ में राजेंद्र साव पेट्रोल पंप से गोल बिल्डिंग तक।
- रानीबांध तालाब के पास सड़क की एक लेन पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
बेकारबांध के आसपास बदलेगा यातायात
बेकारबांध सरोवर में छठ व्रतियों की भीड़ को देखते हुए पूजा टॉकीज और सिटी सेंटर के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। बैंक मोड़ और रेलवे स्टेशन से बरटांड़ जाने वाले वाहन कोर्ट रोड, रणधीर वर्मा चौक और लुबी सर्कुलर रोड से होकर गुजरेंगे। बरटांड़ से झरिया और बोकारो की ओर जाने वाले वाहनों को सिटी सेंटर, रणधीर वर्मा चौक और कोर्ट रोड होते हुए श्रमिक चौक की तरफ भेजा जाएगा। कार्मेल स्कूल की ओर से बेकारबांध जाने वाले वाहनों को डीसी आवास और सिटी सेंटर के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
रानीबांध के पास रहेगी वन-वे व्यवस्था
धैया स्थित रानीबांध छठ घाट के आसपास यातायात को नियंत्रित रखने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। धैया पेट्रोल पंप से ललिता मैरेज हॉल तक वाहनों का परिचालन एक दिशा में होगा। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए रानीबांध के समीप मैदान में व्यवस्था की गई है। बरटांड़ से गोविंदपुर और चिरकुंडा जाने वाले यात्री वाहन धैया, बरवाअड्डा किसान चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
मेमको मोड़ तक ही आएंगी यात्री बसें
छठ महापर्व के दौरान धनबाद आने वाली यात्री बसों को मेमको मोड़ पर रोका जाएगा। निर्धारित प्रतिबंध अवधि में बसों को धैया की तरफ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भारी मालवाहक वाहनों को भी शहर के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इससे छठ घाटों के आसपास यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
छठ घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने बेकारबांध, रानीबांध, पप्पू तालाब, बरमसिया तालाब, मनईटांड़ और नई दिल्ली कॉलोनी तालाब का निरीक्षण किया है। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षित जलस्तर तक बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों और गोताखोरों की तैनाती की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और छठ महापर्व के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
Next Story





