झारखंड

झारखंड के 15 जिलों में मॉनसूनी बारिश के बीच वज्रपात, 11 की मौत

mukeshwari
20 Jun 2023 3:29 PM GMT
झारखंड के 15 जिलों में मॉनसूनी बारिश के बीच वज्रपात, 11 की मौत
x

रांची। झारखंड में 24 घंटे पहले पहुंचे मॉनसून के बादलों ने मंगलवार को रांची सहित राज्य के 24 में से 15 जिलों में झमाझम बारिश कराई है। मॉनसूनी वर्षा के साथ ही राज्य के अलग-अलग इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान वज्रपात की कई घटनाएं हुई हैं, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। गुमला जिले में तीन, रामगढ़, रांची, खूंटी और सिमडेगा में दो-दो लोगों की मौत की खबरें मिली हैं। खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत गुड़गुड़चुआं गांव में वज्रपात से एक साथ 14 लोग घायल हो गए।

मौसम केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावना जताई गई है कि आगामी 23 जून तक रांची, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, देवघर, धनबाद, चाईबासा, गोड्डा, कोडरमा, सिमडेगा और दुमका जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में राज्य के दुमका जिले के मसानजोर में सबसे अधिक 73 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बताया गया है कि ''इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य के सभी जिलों के तापमान में अगले दो से तीन दिनों में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 21 से लेकर 23 जून तक राज्य में सभी स्थानों पर मॉनसून की वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।''

-आईएएनएस

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story