झारखंड

बिजली कटौती की टेंशन होगी कम, WhatsApp पर मिलेगा अपडेट

nidhi
5 Oct 2026 8:14 AM IST
बिजली कटौती की टेंशन होगी कम, WhatsApp पर मिलेगा अपडेट
x
बिजली कटते ही WhatsApp पर मिलेगा अपडेट
धनबाद: बिजली कब जाएगी, किस वजह से आपूर्ति बंद हुई है और शटडाउन कितनी देर तक रहेगा, इसकी जानकारी अब धनबाद के उपभोक्ताओं को सीधे WhatsApp पर देने की तैयारी है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) धनबाद अंचल में WhatsApp ब्रॉडकास्ट ग्रुप सेवा शुरू करने जा रहा है। नई व्यवस्था के जरिए बिजली कटौती, तकनीकी खराबी, मरम्मत कार्य और बड़े शटडाउन से जुड़ी सूचनाएं उपभोक्ताओं के मोबाइल तक पहुंचाई जाएंगी।
इस सेवा को छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई WhatsApp आधारित डिजिटल सुविधाओं की तर्ज पर आगे बढ़ाया जा रहा है। JBVNL ने फिलहाल रांची डिवीजन के पांच प्रमंडलों में इसका ट्रायल शुरू किया है। ट्रायल सफल होने के बाद धनबाद समेत राज्य के सभी प्रमंडलों में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी है। धनबाद में डिवीजन स्तर पर WhatsApp ब्रॉडकास्ट ग्रुप बनाए जाएंगे। बिजली उपभोक्ता संबंधित कार्यपालक अभियंता और विभागीय अधिकारियों की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले माध्यम के जरिए इस सेवा से जुड़ सकेंगे।
किसी फीडर में तकनीकी खराबी आने, फ्यूज ऑफ होने, मेंटेनेंस का काम चलने या बड़े शटडाउन की स्थिति में संबंधित अधिकारी ब्रॉडकास्ट ग्रुप के माध्यम से सूचना साझा करेंगे। इससे उस क्षेत्र से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति से संबंधित जानकारी सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी। धनबाद विद्युत अंचल में विभिन्न श्रेणियों को मिलाकर पौने तीन लाख से अधिक पंजीकृत बिजली उपभोक्ता हैं। नई व्यवस्था शुरू होने पर इन उपभोक्ताओं को अचानक बिजली गुल होने की स्थिति में विभाग से जानकारी मिलने में आसानी होगी।
निर्धारित मेंटेनेंस या शटडाउन की जानकारी समय पर मिलने से उपभोक्ता अपने जरूरी काम पहले पूरे कर सकेंगे। इसके साथ ही तकनीकी खराबी होने पर उपभोक्ताओं को यह जानकारी भी मिल सकेगी कि बिजली आपूर्ति किस वजह से प्रभावित हुई है। वर्तमान में बिजली गुल होने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ता जानकारी के लिए विभागीय अधिकारियों, बिजली कार्यालय और शिकायत केंद्र से संपर्क करते हैं। WhatsApp पर अपडेट मिलने से विभाग पर आने वाली पूछताछ और शिकायतों का दबाव भी कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
धनबाद में JBVNL पहले से भी WhatsApp के जरिए कुछ डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। जून 2026 में 'पावर सप्लाई धनबाद' नाम से आधिकारिक WhatsApp चैनल शुरू किया गया था। इसके माध्यम से बिजली आपूर्ति बाधित होने, बहाली, निर्धारित मेंटेनेंस और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा करने की व्यवस्था की गई थी।
सितंबर में विभाग ने बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर की खराबी और लाइन फॉल्ट जैसी समस्याओं की शिकायत के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अधिकारियों के WhatsApp नंबर भी सार्वजनिक किए थे। अब ब्रॉडकास्ट ग्रुप व्यवस्था के जरिए डिवीजन स्तर पर बिजली कटौती और शटडाउन की सूचना सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। विभाग के अनुसार ट्रायल पूरा होने के बाद धनबाद में इसे लागू किया जाएगा।
Next Story