झारखंड

शृंगारी परिवार वर्षों से निभा रहा परंपरा

Saba Naaz
25 Jun 2026 8:31 PM IST
शृंगारी परिवार वर्षों से निभा रहा परंपरा
x

Jharkhand: देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आद्रा नक्षत्र के अवसर पर विशेष धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया गया। इस अवसर पर बाबा बैद्यनाथ को खीर और आम का विशेष भोग अर्पित किया गया। पूरी प्रक्रिया मंदिर प्रशासन और पुजारियों की देखरेख में विधि-विधान के साथ संपन्न हुई।

मंदिर में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार मौसम, तिथि और पर्व के आधार पर भगवान शिव को अलग-अलग प्रकार के भोग अर्पित किए जाते हैं। मान्यता है कि ऋतु अनुसार भोग अर्पण से प्रकृति और धर्म के बीच संतुलन बना रहता है। इसी कारण साल भर विभिन्न अवसरों पर अलग-अलग प्रसाद की व्यवस्था की जाती है।

इस विशेष भोग को तैयार करने की जिम्मेदारी शृंगारी परिवार निभाता है, जो पीढ़ियों से इस परंपरा का निर्वहन कर रहा है। गुरुवार को निर्धारित बारी के अनुसार मिठ्ठू शृंगारी ने पारंपरिक विधि और शुद्धता के साथ खीर तैयार की। इसके बाद मंदिर परिसर के श्री यंत्र मंदिर में पुजारी राकेश झा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा की गई।

पूजा संपन्न होने के बाद खीर और आम का भोग बाबा बैद्यनाथ को अर्पित किया गया। इसके बाद बाबा का शृंगार पूजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था व्यक्त की।

मंदिर की परंपरा के अनुसार यह भोग दुर्गा मंडप में पारंपरिक तरीके से तैयार किया जाता है। पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। भक्तों ने इसे बाबा का आशीर्वाद मानकर ग्रहण किया।

बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सावन, रथ यात्रा, माघ, वैशाख और अन्य पर्वों पर अलग-अलग भोग अर्पित करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था को दर्शाती है, बल्कि स्थानीय संस्कृति की पहचान भी बनी हुई है।

Next Story