झारखंड

SDO ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Saba Naaz
25 Jun 2026 9:05 PM IST
SDO ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
x

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च जगन्नाथपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अरुण उरांव के नेतृत्व में नोवामुंडी थाना परिसर से शुरू हुआ। प्रशासन और पुलिस बल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना था, साथ ही लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी रहा।

फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर रेल फाटक, मुख्य मार्ग, स्टेशन रोड और संग्रामसाई होते हुए संवेदनशील क्षेत्र आजाद बस्ती तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें मोहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने की अपील की। पूरे रूट में पुलिस बल की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या भड़काऊ गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की गलत या भ्रामक जानकारी साझा न करें। उन्होंने बताया कि साइबर सेल और स्थानीय पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी कर रही है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जगन्नाथपुर एसडीओ अरुण उरांव ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वहीं बीडीओ पप्पू रजक ने कहा कि नोवामुंडी क्षेत्र में लोग हमेशा से सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाते आए हैं और इस परंपरा को आगे भी बनाए रखा जाएगा। फ्लैग मार्च में पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। इनमें थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, बीडीओ पप्पू रजक, इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश कुमार सिंह, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजीव रंजन, बलराम महतो, राजेंद्र प्रसाद मंडल, सुरेंद्र कुमार मांझी और सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद थे। पूरे अभियान के दौरान प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी को मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाना होगा।

Next Story