झारखंड

चक्रधरपुर की सड़कें बनीं लोगों की परेशानी

Saba Naaz
6 July 2026 4:49 PM IST
चक्रधरपुर की सड़कें बनीं लोगों की परेशानी
x

West Singhbhum के चक्रधरपुर में मानसून की पहली ही तेज बारिश ने शहर की सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। लगातार बारिश के कारण शहर और आसपास के कई इलाकों की प्रमुख सड़कें गड्ढों और जलजमाव से पूरी तरह बदहाल हो गई हैं। जगह-जगह पानी भरने से सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं, जिससे आम लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है और हादसों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पवन चौक से रजवाड़ी रोड, पुरानी बस्ती और साईं मोंटेसरी इंग्लिश स्कूल तक की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। इसी तरह चांदमारी हनुमान मंदिर से टोकलो रोड तक और बाटा रोड, पोस्ट ऑफिस से पापड़हाता तक की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो बारिश के पानी से भर जाने के कारण दिखाई नहीं देते और वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

इसके अलावा तंबाकू पट्टी से देवगांव चौक, भारत भवन चौक से बंगलाटांड और शेर-ए-पंजाब तक कई किलोमीटर लंबी सड़कें भी बदहाल स्थिति में हैं। पोटका शिव मंदिर से महतो बस्ती और विकास बिस्कुट फैक्ट्री से जोड़ा तालाब तक की सड़कें भी लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (ई) से प्रखंड कार्यालय और जुगीबेड़ा स्कूल तक तथा थाना चौक से भालियाकुदर मार्ग की हालत भी खराब बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जलनिकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण हल्की बारिश में ही सड़कों पर पानी भर जाता है। पानी से गड्ढे छिप जाते हैं और वाहन चालक संतुलन खोकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है और दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ सकती है।

यह स्थिति चक्रधरपुर में बुनियादी ढांचे की गंभीर खामियों को उजागर करती है, जहां हर साल मानसून में सड़कों की हालत बिगड़ जाती है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Next Story