झारखंड

कुशासन से झारखंड की जनता त्रस्त और बेबस है: दीपक प्रकाश

Admin Delhi 1
10 April 2023 3:15 PM GMT
कुशासन से झारखंड की जनता त्रस्त और बेबस है: दीपक प्रकाश
x

जमशेदपुर न्यूज़: भाजपा झारखंड प्रदेश की ओर से राजधानी रांची में प्रस्तावित सचिवालय के महाघेराव की तैयारी को लेकर भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश जमशेदपुर पहुंचे.

प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के शहर आगमन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परिसदन में जोरदार स्वागत किया. इस दौरान बैठक में उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय और जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शनों के बाद अब भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की जनता की जनभावना के अनुरूप राजधानी रांची में विशाल प्रदर्शन के साथ हेमंत सरकार को गद्दी छोड़ने के लिए बाध्य करेंगे. साढ़े तीन वर्ष के कुशासन से झारखंड की जनता त्रस्त और बेबस हो गई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं को सदन से सड़क तक झूठ बोलकर बरगला रहे हैं. अपने चुनावी वादों को भूलकर हेमंत सरकार ने झारखंड की भोली-भाली जनता को अबतक ठगने का काम किया है. उन्होंने कहा कि इस सरकार में अपराधी बेलगाम हैं. झूठ, लूट और भ्रष्टाचार से भरे शासन से बिचौलिये मालामाल हो गए और जनता बेहाल है. उन्होंने कहा कि अब जनता का धैर्य जवाब दे चुका है. कहा कि 11 अप्रैल का प्रदर्शन और सचिवालय का महाघेराव ऐतिहासिक होगा.

वहीं, प्रदेश मंत्री सह जमशेदपुर महानगर प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू ने रांची में प्रस्तावित सचिवालय महाघेराव में जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में विकास शून्य है. बहन-बेटियां घरों में भी सुरक्षित नही हैं. ऐसी सरकार को गद्दी पर बैठने का कोई हक नहीं है. इस सरकार में भ्रष्टाचार, ध्वस्त स्वास्थ्य व्यवस्था, गिरती कानून व्यवस्था और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर है.

ऐसे में अब हेमंत सरकार को नींद से जगाने का नहीं बल्कि खदेड़ने का समय आ गया है. इस दौरान उन्होंने मंडल अध्यक्षों से बूथ सशक्तिकरण अभियान पर भी जानकारी ली. भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि हेमंत सरकार के खिलाफ रांची में प्रस्तावित सचिवालय महाघेराव में जमशेदपुर महानगर के हजारों कार्यकर्ता पूरे दलबल के साथ रांची कूच करेंगे. बैठक के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व सांसद आभा महतो, भाजपा प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, राजेश शुक्ल, बारी मुर्मू, मनोज सिंह, संजीव कुमार, राजकुमार श्रीवास्तव, नंदजी प्रसाद, दिनेश कुमार, नीरज सिंह, डॉ. राजीव कुमार, पंकज सिन्हा, रमेश हांसदा, राजन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे.

ये भी बोले:

● इस सरकार में अपराधी बेलगाम हैं

● अब जनता का धैर्य जवाब दे चुका है

Next Story