
Jharkhand:साहिबगंज के डिहारी गांव में गलवान घाटी के शहीद कुंदन कुमार ओझा की छठी पुण्यतिथि पर मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और शहीद को नमन किया। कार्यक्रम में शहीद के पिता रविशंकर ओझा को शॉल और बुके देकर सम्मानित भी किया गया।
साहिबगंज सदर प्रखंड के हाजीपुर पश्चिम पंचायत अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीओ अमर जॉन आइंद, एसडीपीओ सुशील कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामदरश यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद कुंदन कुमार ओझा की प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को देश के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में 16 बिहार रेजीमेंट के सूबेदार मेजर नागेंद्र साह ने शहीद के सैन्य जीवन और गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 16 जून 2020 को चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष के दौरान कुंदन कुमार ओझा ने अदम्य साहस दिखाते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शहीद की वीरता को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। स्थानीय नेताओं ने भी कहा कि ऐसे वीर जवानों की वजह से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और शहीद को श्रद्धांजलि दी। पूर्व सैनिकों का भी सम्मान किया गया, जिनमें शैलेश सिंह, गंगा सागर यादव, संजय यादव और राजेश कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।





