
Jharkhand: गिरिडीह नगर निगम के नए नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने मंगलवार को अपने अलग अंदाज से सभी को चौंका दिया। सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वे हाफ पैंट और हवाई चप्पल में ही सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। उनके अचानक पहुंचने से कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और आम लोगों के बीच हलचल मच गई।
नगर आयुक्त सीधे मुख्य गेट की सीढ़ियों पर बैठ गए और आम लोगों की तरह लोगों की समस्याएं सुनने लगे। सुबह ड्यूटी पर पहुंचे सफाई कर्मी और अन्य कर्मचारी उन्हें सीढ़ियों पर बैठे देखकर हैरान रह गए और धीरे-धीरे उनके पास पहुंचने लगे। कुछ ही देर में नगर निगम परिसर में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर मेयर प्रमिला मेहरा भी मौके पर पहुंचीं। नगर आयुक्त ने इस दौरान बिना ड्रेस में आए सफाई कर्मियों को फटकार लगाई और सफाई व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कर्मियों का रजिस्टर मंगाकर उसकी जांच की और कई खामियों पर नाराजगी जताई।
उन्होंने मौके पर महिला सफाई कर्मियों को झाड़ू लगाने के सही तरीके भी बताए। इसके साथ ही फायर सेफ्टी मशीनों की भी जांच की और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुहर्रम पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विशेष सफाई अभियान चलाने की बात कही।
करीब दो घंटे तक नगर आयुक्त एसी कमरे या कार्यालय की कुर्सी पर बैठने के बजाय मुख्य गेट की सीढ़ियों पर ही बैठे रहे और वहीं से पूरे कार्यों की निगरानी करते रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम भी एक परिवार की तरह है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है।
बिजय सिंह बिरुआ पहले गिरिडीह के अपर समाहर्ता रह चुके हैं। उनके इस अनोखे अंदाज की शहर में काफी चर्चा हो रही है।





