झारखंड

14 साल की बच्ची की मौत से गांव में दहशत

Saba Naaz
2 July 2026 9:51 PM IST
14 साल की बच्ची की मौत से गांव में दहशत
x

Jharkhand: गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटा गांव में एक अज्ञात विषैले जीव के हमले से बड़ी घटना सामने आई है। इस घटना में 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चियां गंभीर रूप से बीमार हैं। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल फैल गया है।

मृत बच्ची की पहचान कोटा गांव निवासी बेचन महतो की पुत्री किरण कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, अज्ञात विषैले जीव के संपर्क में आने या काटने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजन शव को गांव ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी बीच पुलिस को सूचना मिल गई। डंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना में गांव की तीन अन्य बच्चियां—नीलम कुमारी, निधि कुमारी और सोनम कुमारी—भी प्रभावित हुई हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी भी उसी अज्ञात विषैले जीव के संपर्क में आई थीं, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने मेडिकल टीम को तुरंत कोटा गांव भेजा है। टीम गांव में कैंप लगाकर प्रभावित लोगों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह कौन सा विषैला जीव है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी तरह की ऐसी घटना में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय न गंवाएं और तुरंत अस्पताल पहुंचें, ताकि समय पर इलाज मिल सके।

फिलहाल गांव में डर और चिंता का माहौल है और प्रशासन पूरी घटना की जांच में जुटा हुआ है।

Next Story