झारखंड
प्रशासन ने कांग्रेस की पूर्व विधायक से खाली कराया सरकारी आवास, बाहर टेंट लगाकर की लक्ष्मी-गणेश की पूजा
jantaserishta.com
9 Nov 2026 11:28 AM IST

x
रांची: रांची के एचईसी परिसर में पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद का सरकारी आवास खाली कराए जाने के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। आवास संख्या एफ-44 खाली कराए जाने के विरोध में अंबा प्रसाद ने शनिवार को आवास के बाहर टेंट लगा दिया और धरने पर बैठ गईं।
इसके बाद रविवार रात उन्होंने परिजनों व समर्थकों के साथ टेंट में ही बैठकर लक्ष्मी-गणेश की पूजा की। उन्होंने कहा कि भगवान से प्रशासन को 'सद्बुद्धि' देने की प्रार्थना की। अंबा प्रसाद कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव हैं। वह हजारीबाग जिले के बड़कागांव से कांग्रेस की विधायक थीं और यह सरकारी आवास उन्हें विधायक की हैसियत से आवंटित किया गया था। वर्ष 2024 में चुनाव हारने के बावजूद आवास पर उनका कब्जा बरकरार था, जिसे प्रशासन ने शुक्रवार को खाली करा दिया।
अंबा प्रसाद ने कहा कि उनके लिए आवास कोई बड़ा मुद्दा नहीं है, वह कहीं भी रह सकती हैं, लेकिन जिस तरह उनकी अनुपस्थिति में मकान खाली कराया गया, वह उनके आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके आसपास अन्य पूर्व विधायकों के भी आवास हैं, लेकिन केवल उन्हें ही निशाना बनाया गया।
उन्होंने बड़कागांव स्थित अपने पैतृक घर पर पूर्व में चली बुलडोजर कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि उनका परिवार लगातार इस तरह के राजनीतिक दबाव का सामना कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कठिन समय में सरकार के साथ खड़े रहने के बावजूद उन्हें दीपावली जैसे पर्व से ठीक पहले इस तरह बेघर किया जाना निराशाजनक है।
दूसरी ओर, प्रशासनिक कार्रवाई का नेतृत्व करने वाले मजिस्ट्रेट मोहम्मद जफर हसनात ने बताया कि यह आवास पूर्व में अंबा प्रसाद को विधायक कोटे से आवंटित था, जिसे पिछले साल एक आईएएस अधिकारी के नाम पर ट्रांसफर कर दिया गया था।
प्रशासन के अनुसार, आवास खाली कराने के लिए कई बार नोटिस दिए गए थे। अंतिम नोटिस 2 नवंबर को जारी कर व्हाट्सएप के जरिए भी सूचना दी गई थी, लेकिन तय समय तक कोई जवाब या मकान खाली नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, अंबा प्रसाद ने किसी भी तरह का नोटिस मिलने से साफ इनकार किया है। मामले को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





