झारखंड

प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे से दूर रहने की अपील

Saba Naaz
6 July 2026 5:57 PM IST
प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे से दूर रहने की अपील
x

बोकारो जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण तेनुघाट डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिसके बाद डैम प्रबंधन ने सोमवार को पानी की निकासी शुरू कर दी है। तेनुघाट बांध प्रमंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, दो रेडियल गेट और एक अंडर स्लूस गेट को खोलकर दामोदर नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।

डैम के गेट सोमवार दोपहर 3 बजे खोले गए, जिसके बाद नदी में लगभग 2700 क्यूसेक (76.52 क्यूमेक) पानी का प्रवाह शुरू हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, जलाशय का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और वर्तमान में यह आरएल 849.76 फीट दर्ज किया गया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए एहतियातन पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि जलस्तर खतरनाक स्थिति तक न पहुंचे।

प्रशासन ने बताया कि जरूरत पड़ने पर और भी गेट खोले जा सकते हैं। जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। इसी बीच बाढ़ नियंत्रण कोषांग ने बोकारो, धनबाद और बेरमो के प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट जारी कर दिया है और सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

नदी में पानी छोड़े जाने के बाद दामोदर नदी के किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए प्रशासन ने चेतावनी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे न जाएं और पूरी तरह सतर्क रहें। साथ ही मछुआरों को भी फिलहाल नदी में न उतरने की सलाह दी गई है।

तेनुघाट बांध प्रमंडल के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार पाल ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पानी छोड़ने का निर्णय पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।

Next Story