झारखंड

झारखंड में झमाझम बारिश से छह डिग्री गिरा तापमान, डैम से लेकर खेतों तक में भरा पानी

Renuka Sahu
12 Aug 2022 1:30 AM GMT
Temperature dropped by six degrees in Jharkhand due to rain, water filled from dam to fields
x

फाइल फोटो 

रांची समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बीते तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रांची समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बीते तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। रांची में पिछले तीन दिनों की बारिश दो महीने पर भारी साबित हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रांची में बीते तीन दिनों में 145.3 मिमी बारिश हुई। अकेले बीते 36 घंटों में 141.6 मिमी बारिश हुई। जबकि जून में महज 95.7 और जुलाई में 163.0 मिमी बारिश हुई थी। यानी पिछले दो माह में करीब 258 मिमी बारिश हुई जबकि इससे आधी से अधिक बारिश बीते तीन दिनों में दर्ज की गई। अच्छी बारिश से रांची के औसत में सुधार हुआ है और बारिश में कमी की भरपाई हुई है। अब रांची में 41 की जगह 33 फीसदी बारिश की कमी है।

राज्य में बीते 48 घंटे में 40.5 मिमी बारिश
पूरे राज्य में बीते 48 घंटों के दौरान औसत 40.5 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में 28.4 मिमी बारिश हुई है। पूरे राज्य में एक से 11 अगस्त तक औसतन 89.6 मिमी बारिश हुई। पूरे राज्य में इस मानसून सीजन अबतक 348.3 मिमी बारिश हुई है।
छह डिग्री तापमान गिरा
राजधानी में पिछले तीन दिनों के दौरान लगातार बारिश के कारण तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे गिर गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान नीचे आने के कारण रांची में ठंड का अहसास हो रहा है।
डैम से लेकर खेतों तक में भरा पानी
बीते 24 घंटे में हुई मूसलाधार बारिश के चलते रांची की स्वर्णरेखा समेत राज्य की कई नदियां उफना गई हैं। कई जगह तो इन नदियों का पानी पुल के ऊपर से पार करने लगा। वहीं गेतलसूद. पतरातू और धुर्वा डैम समेत राज्य के जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ गया है। बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने से किसान भी खुश हैं। वे जोश के साथ धान रोपनी की तैयारी में जुट गए हैं। कई जगह तो बारिश के बाद धान की रोपनी भी शुरू हो गई है।
शहर में सड़क से घर तक पानी
रांची में बुधवार रात से गुरुवार दोपहर बाद तक लगातार हुई बारिश के चलते शहर की सड़कें तालाब बन गईं तो दूसरी ओर कई घरों में पानी घुस गया। सबसे ज्यादा परेशानी कोकर के भाभानगर, अयोध्यापुरी,खोरहाटोली के अलावा कर्बला रोड, हिन्दपीढ़ी, पंडरा के पंचशील नगर और हरमू के विद्यानगर में हुई। इन इलाकों में सड़कों पर घुटने भर पानी जमा होने से लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया। शहर के अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया है।
Next Story