झारखंड

कोरोना काल में पढ़ाईः कैसे चलेगा आज से क्लास? व्हाट्सएप ग्रुप भी नही बना पा रहे स्कूल

Renuka Sahu
24 Jan 2022 2:44 AM GMT
कोरोना काल में पढ़ाईः कैसे चलेगा आज से क्लास? व्हाट्सएप ग्रुप भी नही बना पा रहे स्कूल
x

फाइल फोटो 

झारखंड के सरकारी स्कूलों में बच्चों को डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने के लिए वाट्सएप ग्रुप तैयार नहीं हो रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड के सरकारी स्कूलों में बच्चों को डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने के लिए वाट्सएप ग्रुप तैयार नहीं हो रहा है। राज्य के 35,441 स्कूलों में 14,078 स्कूल में ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा है। अभी भी 21 हजार से ज्यादा स्कूलों में वाट्सएप ग्रुप भी तैयार नहीं हुआ है, जिस वजह से बच्चों को डिजिटल कंटेंट नहीं मिल पा रहा है। स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने सभी स्कूलों को क्लास वार वाट्सएप ग्रुप तैयार करने का निर्देश दिया है, ताकि हर क्लास व हर विषय की जानकारी बच्चों तक उपलब्ध कराया जा सके। बावजूद इसके अभी तक 7719 स्कूलों ने ही क्लासवार व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किया है।

आज सोमवार से झारखंड के सभी जिलों में ऑनलाइन क्लास की शुरुआत भी होगी। इसके लिए पूर्व में ही स्पष्ट कर दिया गया है कि रुटीन तैयार कर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध करा दी जाए, ताकि निर्धारित समय पर वह ऑनलाइन क्लास से पढ़ सकें। साथ ही, क्लासवार तैयार वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शिक्षकों से अपनी विषय से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें। पूर्वी सिंहभूम में 42 फीसदी स्कूलों में क्लासवार वाट्सएप ग्रुप तैयार कर कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि बोकारो, धनबाद, हजारीबाग और चतरा में 30 फीसदी से ज्यादा स्कूल क्लासवार वाट्सएप ग्रुप तैयार किए हैं। वहीं, गुमला जिला इसमें फिसड्डी है। यहां 10 फीसदी से भी कम स्कूलों में यह काम पूरा किया है।
ऑनलाइन क्लास की शिक्षा सचिव करेंगे समीक्षा
राज्य के स्कूलों में ऑनलाइन क्लास और डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने को लेकर स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा सोमवार को सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा करेंगे। ऑनलाइन क्लास के सफल संचालन, गोड्डा का ज्ञानोदय मॉडल लागू करवाने से लेकर डिजिटल वैन चलवाने काभी जिलों को निर्देश दिया जाएगा। इसके साथ-साथ मध्याह्न भोजन योजना में कुकिंग कॉस्ट की राशि बच्चों के बैंक खाते में भेजने की स्थिति, छात्र-छात्राओं का खाता खोलने की वास्तविक स्थिति से लेकर कुछ जिलों में स्कूलों की जमीन की समस्याओं के निराकरण की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अनुबंध पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया, 15वें वित्त आयोग, मनरेगा के तहत स्कूलों में चले काम और भुगतान संबंधित जानकारी भी ली जाएगी। बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक और प्राथमिक शिक्षा निदेशक सह झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की राज्य परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी मौजूद रहेंगी।
जिला कुल स्कूल वाट्सएप ग्रुप क्लासवार ग्रुप
पू सिंहभूम 1597 1036 680
बोकारो 1560 1041 620
धनबाद 1727 945 548
हजारीबाग 1485 709 465
चतरा 1570 749 473
रामगढ़ 609 229 170
सराइकेला 1421 592 369
रांची 2100 877 524
गिरिडीह 3158 1413 736
पाकुड़ 970 525 219
सिमडेगा 757 330 162
गोड्डा 1519 564 303
खूंटी 770 366 150
साहिबगंज 1264 529 246
गढ़वा 1434 449 273
कोडरमा 677 169 110
प सिंहभूम 2064 763 330
देवघर 1975 620 309
जामताड़ा 1030 333 156
पलामू 2564 577 321
दुमका 2300 601 269
लातेहार 1057 263 113
लोहरदगा 502 97 51
गुमला 1331 301 122
Next Story