झारखंड

हजारीबाग में रील बनाने के दौरान नदी में डूबा छात्र, बचाने गया साथी भी घायल; स्कूल में पसरा मातम

Saba Naaz
29 July 2026 7:11 PM IST
हजारीबाग में रील बनाने के दौरान नदी में डूबा छात्र, बचाने गया साथी भी घायल; स्कूल में पसरा मातम
x

झारखंड: हजारीबाग जिले में सोशल मीडिया रील बनाने का शौक एक छात्र की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कनहरी हिल के पीछे स्थित बेलवा नदी में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र हिमांशु राज की डूबने से मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने की कोशिश में नदी में उतरा उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मृतक छात्र की पहचान 15 वर्षीय हिमांशु राज के रूप में हुई है। वह पसई गांव, कटकमदाग निवासी पुलिसकर्मी धर्मेंद्र कुमार का छोटा बेटा था। धर्मेंद्र कुमार वर्तमान में कोडरमा जिले के चंदवारा थाना में पदस्थापित हैं। हिमांशु अपने परिवार के साथ हजारीबाग के नूतन नगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था और रोजाना निजी वैन से स्कूल आता-जाता था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह हिमांशु रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। वह करीब 7:45 बजे अपने घर से निकला और डीएवी पब्लिक स्कूल पहुंचा। लेकिन स्कूल जाने के बाद वह कक्षा में जाने के बजाय अपने पांच दोस्तों के साथ कनहरी हिल के पीछे जगदीशपुर मार्ग स्थित बेलवा नदी की ओर चला गया।

बताया जा रहा है कि सभी छात्र नदी किनारे पत्थरों पर खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक हिमांशु का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में जा गिरा। नदी में गिरते ही वह डूबने लगा। उसे डूबता देखकर उसके एक साथी ने साहस दिखाते हुए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी पानी में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद वहां मौजूद तीन अन्य छात्र घबरा गए और मौके से भाग निकले। आसपास के लोगों ने जब बच्चों की चीख-पुकार सुनी तो वे तुरंत नदी के पास पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों छात्रों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हिमांशु राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथी का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिमांशु के मामा विनोद कुमार दास ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 2:39 बजे इस हादसे की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने के बाद जब उन्हें हिमांशु की मौत की जानकारी मिली तो परिवार पूरी तरह टूट गया।

डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि बुधवार को हिमांशु विद्यालय में उपस्थित नहीं हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह स्कूल आने के बाद दोस्तों के साथ नदी की ओर चला गया था। स्कूल प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख जताया है।

इस हादसे के बाद डीएवी स्कूल और पूरे छात्र समुदाय में शोक की लहर है। साथी छात्रों और शिक्षकों के बीच हिमांशु की मौत से मायूसी छाई हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्र स्कूल पहुंचने के बाद नदी तक कैसे पहुंचे।

यह घटना एक बार फिर युवाओं में सोशल मीडिया रील बनाने के बढ़ते जुनून और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों और प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जाती रही है कि खतरनाक स्थानों पर फोटो और वीडियो बनाने से बचें, खासकर नदी, तालाब और गहरे पानी वाले इलाकों में सावधानी बरतें। थोड़ी सी लापरवाही कई बार जिंदगी भर का दर्द दे जाती है।

Next Story